सामान्य हिन्दी की तैयारी: एक मार्गदर्शिका
प्रतियोगी परीक्षाओं में ‘सामान्य हिन्दी’ एक अत्यंत महत्वपूर्ण और अंकदायी (Scoring) विषय है। प्रशासनिक सेवाओं (जैसे UPPSC, MPPSC) से लेकर बैंकिंग, SSC और शिक्षक परीक्षाओं तक, हिन्दी भाषा पर पकड़ सफलता सुनिश्चित करने में बड़ी भूमिका निभाती है। मध्य प्रदेश चयन मंडल (MPESB) द्वारा आयोजित जेल प्रहरी, वन रक्षक, पटवारी और पुलिस SI जैसी परीक्षाओं में हिन्दी का एक विशेष वेटेज होता है। इन परीक्षाओं में व्याकरण की गहराई और भाषाई सटीकता दोनों का परीक्षण किया जाता है। प्रश्नों का स्तर ‘मध्यम’ से ‘कठिन’ की ओर रहता है। प्राय: परीक्षाओं में व्याकरण का हिस्सा सबसे बड़ा होता है।
पाठ्यक्रम का विश्लेषण
तैयारी शुरू करने से पहले संबंधित परीक्षा के पाठ्यक्रम को ध्यान से देखें। आमतौर पर हिन्दी के पाठ्यक्रम को तीन प्रमुख भागों में बाँटा जा सकता है:
- व्याकरण: संधि, समास, उपसर्ग, प्रत्यय, रस, छन्द, अलंकार, शब्द भेद (तत्सम-तद्भव, संज्ञा से अव्यय तक)।
- शब्द सामर्थ्य (Vocabulary): पर्यायवाची, विलोम, अनेकार्थी, वाक्यांश के लिए एक शब्द, मुहावरे एवं लोकोक्तियाँ।
- बोधगम्यता एवं लेखन: अपठित गद्यांश, पल्लवन, संक्षेपण और पत्र लेखन (मुख्य परीक्षाओं के लिए)।
व्याकरण के मूलभूत नियमों पर पकड़
हिन्दी व्याकरण रटने का नहीं, समझने का विषय है।
- वर्णमाला: स्वर और व्यंजनों के उच्चारण स्थान को समझें (जैसे- कंठ्य, तालव्य)।
- संधि और समास: इनके नियमों का बार-बार अभ्यास करें। शब्दों को तोड़ना (विच्छेद) और जोड़ना सीखें।
- बोधगम्यता एवं लेखन: अपठित गद्यांश, पल्लवन, संक्षेपण और पत्र लेखन (मुख्य परीक्षाओं के लिए)।
- शुद्ध वर्तनी: लिखते समय वर्तनी की अशुद्धियों पर ध्यान दें। अक्सर ‘उज्ज्वल’, ‘आशीर्वाद’, और ‘कवयित्री’ जैसे शब्द पूछे जाते हैं।
- रस, छन्द और अलंकार: MP की परीक्षाओं में इनके प्रकार और उदाहरणों पर बहुत बारीक प्रश्न पूछे जाते हैं। विशेषकर ‘छन्द’ में मात्राओं की गणना और ‘अलंकार’ में शब्दों के चमत्कार को समझना अनिवार्य है।
- वाच्य और काल: पिछले कुछ वर्षों में वाच्य (Active/Passive Voice) और काल (Tense) के रूपांतरण पर अधिक प्रश्न देखे गए हैं।
- वाक्य शुद्धि: ‘पदक्रम’ और ‘अन्विति’ (Subject-Verb Agreement) के नियमों को समझें ताकि वाक्य की त्रुटि पहचान सकें।
शब्दकोश का विस्तार
- नए शब्द: शब्दों पर पकड़ बनाने के लिए प्रतिदिन 10-15 नए शब्द (विलोम, पर्यायवाची) डायरी में लिखें।
- तत्सम-तद्भव: संस्कृत से आए मूल शब्दों (तत्सम) और उनके बदले हुए रूप (तद्भव) की पहचान के नियमों को जानें। मध्य प्रदेश की परीक्षाओं में ग्रामीण परिवेश से जुड़े तद्भव शब्दों की बहुलता रहती है।
- वाक्यांश के लिए एक शब्द: यह कम समय में अधिक अंक दिलाने वाला भाग है।
- पारिभाषिक शब्दावली: अंग्रेजी शब्दों के हिन्दी अर्थ (जैसे- ‘Affidavit’ का अर्थ ‘शपथ पत्र’)। यह पटवारी और SI मुख्य परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
- युग्म शब्द: सुनने में समान लेकिन अर्थ में भिन्न शब्दों (जैसे- ‘अनल’ और ‘अनिल’) पर विशेष ध्यान दें।
- प्रशासनिक शब्दावली: वे पारिभाषिक शब्द जिनका प्रयोग शासकीय कार्यालयों, शासन-प्रशासन और राजकीय कार्यों के निष्पादन में विशिष्ट अर्थों के लिए किया जाता है। ये शब्द सामान्य बोलचाल की भाषा से भिन्न होते हैं और इनका अर्थ पूर्व-निर्धारित व निश्चित होता है ताकि कार्यप्रणाली में स्पष्टता बनी रहे। उदाहरण:
- Approval: अनुमोदन (किसी प्रस्ताव पर उच्च अधिकारी की सहमति),
- Contingency: आकस्मिकता (अचानक आने वाला खर्च या स्थिति),
- Implementation: क्रियान्वयन (किसी योजना को लागू करना)
क्षेत्रीय बोलियाँ
प्रदेश स्तर की परीक्षाओं में क्षेत्रीय बोलियों का सामान्य परिचय और उनके क्षेत्र से संबंधित 1-2 प्रश्न अक्सर पूछे जाते हैं। उदाहरणार्थ यदि आप MPESB की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं तो बुन्देली, बघेली, मालवी, निमाड़ी बोलियों पर अवश्य ध्यान दें।
अभ्यास और रिवीज़न
पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र (PYQs): परीक्षा के पैटर्न और कठिनाई स्तर को समझने के लिए कम से कम 5-10 साल के पुराने पेपर हल करें। समय प्रबंधन के लिए नियमित रूप से मॉक टेस्ट दें।
मानक पुस्तकों का चयन
अच्छी अध्ययन सामग्री सफलता की आधारशिला है। आप निम्न पुस्तकों की सहायता ले सकते हैं:
- वासुदेव नंदन प्रसाद: आधुनिक हिन्दी व्याकरण और रचना।
- डॉ. हरदेव बाहरी: हिन्दी शब्द अर्थ प्रयोग।
- कामता प्रसाद गुरु: संक्षिप्त हिन्दी व्याकरण।
प्रभावी तैयारी के टिप्स
अच्छी अध्ययन सामग्री सफलता की आधारशिला है। आप निम्न पुस्तकों की सहायता ले सकते हैं:
- विगत प्रश्नपत्र (PYQs): गत वर्षों के प्रश्न पत्रों का गहराई से विश्लेषण करें। आप पाएंगे कि ‘संधि’ और ‘समास’ के प्रश्न बार-बार दोहराए जाते हैं।
- वस्तुनिष्ठ अभ्यास: प्रत्येक टॉपिक को पढ़ने के बाद कम से कम 50-100 प्रश्न हल करें।
- शब्दावली का चार्ट: पर्यायवाची और विलोम शब्दों का एक चार्ट बनाकर अपने स्टडी टेबल के पास लगाएँ और रोज 10 मिनट उन्हें देखें।
निष्कर्ष
सामान्य हिन्दी में पूर्ण अंक प्राप्त करना कठिन नहीं है, बस इसके लिए निरंतर अभ्यास और भाषा की शुद्धता पर ध्यान देने की आवश्यकता है। अपनी तैयारी को खंडों में विभाजित करें और साप्ताहिक आधार पर अपना मूल्यांकन करें।
प्रश्नों के उदाहरण
प्रश्न 1: ‘उज्ज्वल’ शब्द का सही संधि-विच्छेद क्या है?
(A) उत् + ज्वल
(B) उज + ज्वल
(C) उत + जल
(D) उद् + ज्वल
उत्तर: (A) उत् + ज्वल (व्यंजन संधि)
प्रश्न 2: ‘लम्बोदर’ में कौन-सा समास है?
(A) तत्पुरुष
(B) द्वंद्व
(C) बहुब्रीहि
(D) द्विगु
उत्तर: (C) बहुब्रीहि (लंबा है उदर जिनका अर्थात् गणेश)
प्रश्न 3: ‘जंगम’ का विलोम शब्द क्या है?
(A) अगम
(B) दुर्गम
(C) स्थावर
(D) चंचल
उत्तर: (C) स्थावर
प्रश्न 4: निम्नलिखित में से कौन-सा शब्द ‘तत्सम’ है?
(A) आम्र
(B) आग
(C) सूरज
(D) दूध
उत्तर: (A) आम्र (इसका तद्भव ‘आम’ है)
प्रश्न 5: “जो बहुत बोलता हो” के लिए एक शब्द क्या होगा?
(A) वक्ता
(B) वाचाल
(C) मितभाषी
(D) प्रखर
उत्तर: (B) वाचाल
प्रश्न 6: ‘कनक कनक ते सौ गुनी, मादकता अधिकाय’ – इसमें कौन-सा अलंकार है?
(A) अनुप्रास
(B) यमक
(C) श्लेष
(D) उपमा
उत्तर: (B) यमक (यहाँ ‘कनक’ शब्द दो बार आया है और दोनों बार अर्थ अलग है – सोना और धतूरा)
प्रश्न 7: ‘छप्पय’ किन दो छन्दों के मेल से बनता है?
(A) रोला और उल्लाला
(B) दोहा और रोला
(C) सोरठा और रोला
(D) चौपाई और उल्लाला
उत्तर: (A) रोला और उल्लाला
प्रश्न 8: ‘अधिसूचना’ का अंग्रेजी अनुवाद क्या है?
(A) Notification
(B) Circular
(C) Ordinance
(D) Endorsement
उत्तर: (A) Notification
